JOIN US

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ह्यूमन राइट्स प्रोटक्शन सेल द्वारा मंडला में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित

Category : NEWS

Posted by | March 12, 2026

मंडला, मध्यप्रदेश – HRPC के तत्वावधान में मंडला में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, सिविल न्यायाधीश क्लास-वन एवं प्रधान न्यायाधीश किशोर न्याय बोर्ड मंडला डॉ. स्वाति चौहान, उद्योग जगत की प्रतिष्ठित हस्ती श्रीमती मृदुला कालपीवार, राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. रश्मि बाजपेयी तथा उपभोक्ता आयोग की सदस्य श्रीमती मुक्ता जोशी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के पूजन एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात Human Rights Protection Cell (HRPC) की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने संस्था की गतिविधियों एवं उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सम्मान देना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान न्यायाधीश डॉ. स्वाति चौहान ने महिलाओं को कानूनी अधिकारों एवं न्यायिक प्रक्रियाओं की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने महिला हिंसा, बाल अपराध एवं समाज में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्तियों पर चिंता व्यक्त करते हुए इन्हें रोकने के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई। साथ ही बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए इस दिशा में ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित डॉ. रश्मि बाजपेयी ने अपने संबोधन में महिलाओं को समाज की धुरी बताते हुए उन्हें अपने अधिकारों और अस्तित्व को पहचानने की प्रेरणा दी तथा राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उद्योग जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली श्रीमती मृदुला कालपीवार ने महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ने के लिए प्रेरित किया तथा रोजगार के अवसरों के बारे में मार्गदर्शन दिया। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने महिला सशक्तिकरण और नारी विकास पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि समाज की महिलाओं को आगे आकर समय-समय पर ऐसी बैठकों और समितियों के माध्यम से अपनी समस्याओं को सामने रखना चाहिए, जिससे शासन स्तर पर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जा सकें। उन्होंने विशेष रूप से मध्यमवर्गीय परिवारों की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया तथा बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए शासन, प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को Human Rights Protection Cell (HRPC) द्वारा सम्मानित किया गया। इनमें मुस्कान प्रोजेक्ट की एसआई आकांक्षा, आयुर्वेद क्षेत्र की डॉ. सीमा भवेदी, असहाय पशुओं के लिए निःशुल्क सेवा देने वाली निशा ठाकुर, निःशुल्क आर्ट एवं क्राफ्ट समर कैंप आयोजित करने वाली सीमा सोनी, बैंक सखी प्रीति रजक तथा हथकरघा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली किरण भारद्वाज सहित अन्य महिलाओं को अतिथियों द्वारा सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने HRPC की टीम की सराहना करते हुए संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनजागरूकता कार्यों की प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के स्टॉल भी लगाए गए, जिनमें जन शिक्षण संस्थान से जुड़े वेस्टेज सामग्री से निर्मित हैंडमेड ज्वेलरी, क्राफ्ट, मेक्रमे वर्क, ज्वेलरी, पॉट क्रिएटिविटी सहित अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने इन उत्पादों की खरीदारी कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में HRPC के सक्रिय सदस्य, जिला न्यायालय के अधिवक्ता पैनल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन HRPC की प्रदेश मीडिया प्रभारी श्रीमती ममता चौरसिया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रदेश विधिक सलाहकार अधिवक्ता सुनीता नामदेव द्वारा किया गया।



← Back to Blogs
ALL SERVICE
Latest Member
ONLINE USER 24